स्पैनिश डायरी 05 - अनुज श्रीवात्रि के नाम रहा सिटजस
17/08/2018 -केटलन सर्किट के सबसे खूबसूरत पड़ाव माने जाने वाले सिट्जस इंटरनेशनल "विला दे सिटजस " में भारत के युवा खिलाड़ी और मध्य प्रदेश की उभरती प्रतिभा अनुज श्रीवात्रि नें अपने प्रदर्शन से सभी को कायल कर दिया और सही मायनों में यह टूर्नामेंट इसी भारतीय खिलाड़ी के नाम रहा अनुज नें ना सिर्फ अपनी अंतर्राष्ट्रीय रेटिंग को 2350 के पार पहुंचा दिया बल्कि 2481 का प्रदर्शन करते हुए अपना पहला इंटरनेशनल मास्टर नार्म हासिल किया । अनुज प्रतियोगिता मे टाईब्रेक के आधार पर तीसरे स्थान पर रहे । मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों में अनुज नें यह कारनामा 14 वर्ष की उम्र में करते हुए एक नया इतिहास बनाया । उनके अलावा भारतीय खिलाड़ियों में अभिषेक दास नें अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया और एक बार फिर अपनी लय पकड़ ली ,वह छठे स्थान पर रहे । प्रतियोगिता का खिताब टॉप सीड अजरबैजान के ग्रांड मास्टर गादिर गसिमोव नें 7.5 अंको के साथ लगातार तीसरा केटलन खिताब अपने नाम करते हुए एक नया रिकार्ड कायम किया । प्राकर्तिक सौन्दर्य के धनी सिटजस नें अपने शानदार माहौल से भी खेल के शानदार माहौल तैयार किया और सभी ने इस बात का पूरा लुत्फ उठाया !