नेशनल सीनियर 2019: रोमांचक मुक़ाबलों के साथ आरंभ
10/12/2019 -सिक्किम के माजीतर में तीस्ता नदी किनारे स्थित सिक्किम मानिपाल विश्वविद्यालय में आज से सीनियर नेशनल शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन शुरू हो गया । देश भर के राज्यो से 19 ग्रांड मास्टर ,23 इंटरनेशनल मास्टर और 57 इंटरनेशनल टाइटल होल्डर समेत कुल 186 खिलाड़ी भाग ले रहे है । पहला दिन वैसे वरीयता प्राप्त खिलाड़ियो के नाम रहा । हालांकि तीसरे बोर्ड पर दिल्ली के तीसरे वरीय वैभव सूरी को 95 वे वरीय जम्मू कश्मीर के सुमित ग्रोवर नें 73 चाल लंबे चले मुक़ाबले मे ड्रॉ खेलने पर मजबूर कर दिया और यह दिन का सबसे बड़ा उलटफेर रहा पर उनके अलावा शीर्ष 10 के सभी प्रमुख खिलाड़ियों नें आसान जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान की शुरुआत की । सिक्किम के खेल सचिव कुबेर भण्डारी नें पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का आधिकारिक उदघाटन किया ।